40 करोड़ से बनेगा सात मीटर चौड़ा बाईपास, तीन प्रमुख मार्गों को जोड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर।
औंगासी मार्ग पर वाहनों के बढ़ते दबाव से गाजीपुर कस्बे में लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने करीब 40 करोड़ से प्रस्तावित गाजीपुर बाईपास के निर्माण के लिए सर्वे शुरू कर दिया है।
बाईपास करीब पांच किलोमीटर लंबा और करीब सात मीटर चौड़ा होगा। यह तीन गांवों से होकर निकलेगा और तीन प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ेगा। फतेहपुर-औंगासी मार्ग पर गाजीपुर बाईपास नरौली के पास स्थित किशन सिंह महाविद्यालय के सामने से निकलेगा।
यहां से बाईपास पैनगढ़ व पैनकला को जोड़ते हुए गाजीपुर-बिंदकीपुर मार्ग को क्रॉस कर औंगासी रोड में ईंटों के पुल के पास जुड़ेगा। इसके बनने से कस्बे के अंदर वाहनों का दबाव कम होगा।
40 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
गाजीपुर कस्बा दो नगर पंचायतों के बीच बसा है। बाईपास बनने से करीब 40 हजार की आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह मार्ग फतेहपुर, बिंदकी और गाजीपुर को जोड़ते हुए बांदा, सागर और कौशांबी जिले की ओर जाने वाले मार्गों को भी जोड़ेगा। इससे यमुना कटरी क्षेत्र में जाने वाले रास्तों पर आवागमन भी सुगम होगा।
गाजीपुर कस्बे में बाजार के लिए बांदा जिले की बबेरू तहसील समेत आसपास के करीब 50 गांवों और मजदूरों के लोग रोजाना आते-जाते हैं। यहां से प्रतिदिन 10 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। वाहनों का दबाव बढ़ने से कस्बे में अक्सर जाम की स्थिति बनती है।
25 जुलाई को हुआ था शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई को जनपद भ्रमण के दौरान गाजीपुर बाईपास निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। अब लोक निर्माण विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है।
गाजीपुर बाईपास का सर्वे शुरू किया गया है। करीब पांच किलोमीटर लंबे और सात मीटर चौड़े बाईपास के निर्माण पर लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।






