गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले अंतर्गत थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव स्थित पाण्डेय टोला चंवर के एक तालाब से बुधवार को 14 वर्षीय एक किशोर का शव बरामद किया गया है। मृतक किशोर स्थानीय मदरसे में पढ़ाई करता था और अपने चार साथियों के साथ जकात वसूलने के लिए निकला था। इसी दौरान दो बच्चे लापता हो गए थे। पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद एक छात्र का शव बरामद हुआ, जबकि दूसरे लापता किशोर की तलाश अभी भी जारी है।
कैसे हुआ पूरा हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, मदरसे के पांच छात्र एक साथ जकात वसूलने के लिए निकले थे। रास्ते में वे सभी एक खेत के पास गन्ना तोड़ने के लिए रुक गए। बताया जा रहा है कि बच्चों को खेत से गन्ना तोड़ते देख किसान ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। किसान को अपनी ओर आता देख सभी बच्चे घबरा गए और डर के मारे वहां से भागने लगे। इस भागदौड़ के दौरान तीन बच्चे तो सुरक्षित वापस मदरसे पहुंच गए, लेकिन दो किशोर लापता हो गए। जब काफी खोजबीन के बाद भी दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा, तो मदरसा प्रशासन और परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
ड्रोन कैमरे से मिला सुराग, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सूचना मिलने के बाद बुधवार को थावे थाना पुलिस ने बंगरा चंवर स्थित तालाब में ड्रोन कैमरे की मदद से सघन तलाशी शुरू की। ड्रोन फुटेज खंगालने के दौरान पानी के अंदर एक बच्चे के सिर का हिस्सा दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
मृतक किशोर की पहचान पड़ोसी जिले सीवान के बनियाटोली निवासी मरहूम अली अख्तर के पुत्र मोहम्मद जैद सद्दी उमर के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से मदरसे में रहकर ‘हिफ्ज़’ की पढ़ाई कर रहा था और अब तक 10 पारे की पढ़ाई पूरी कर चुका था। परिजनों के मुताबिक, जैद के पिता का काफी पहले इंतकाल हो चुका है। उसकी मां दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करती हैं। जैद दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
दूसरे किशोर की तलाश और पुलिस की जांच जारी
इस घटना में लापता दूसरे किशोर की पहचान असलम कुरैशी के बेटे असरफ अली के रूप में की गई है। उसकी बरामदगी के लिए तालाब और आसपास के चंवर इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इधर, पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस फिलहाल संबंधित गन्ना किसान और सुरक्षित लौटे तीनों बच्चों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।






