अयोध्या, 7 नवंबर 2026: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दसवें दीपोत्सव के अवसर पर सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाए गए।
दसवें दीपोत्सव पर 30 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से सरयू के 56 घाट जगमगा उठे। आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक वैभव के इस अद्भुत दृश्य के साक्षी उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मंत्री, विधायक व लाखों श्रद्धालु बने। दीपोत्सव की छटा देख उपराष्ट्रपति ने सीएम योगी को ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बताया।
दीपों की स्वर्णिम आभा, शंखनाद, भजन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरी रामनगरी राममय हो उठी। 2147 अर्चकों ने कतारबद्ध होकर लाखों दीपों से पुण्य सलिला की अर्चना-अभ्यर्थना की। दीप जलने के बाद एक साथ 2100 स्वदेशी ड्रोन शो से रामायण के प्रसंगों का हवा में मंचन हुआ, जो रोमांच व रामायण बोध से ओतप्रोत रहा।
अयोध्या के 240 से अधिक मंदिरों और मठों के साथ 25 प्रमुख चौराहों को भी उत्सव से जोड़ा गया। वर्ष 2017 में करीब 1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ यह आयोजन दसवें संस्करण तक पहुंचते-पहुंचते 30 लाख से अधिक दीपों के भव्य प्रकाश पर्व में तब्दील हो गया।
विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों ने मयूर, ढेड़िया, पई डंडा और बधावा जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुतियों से शोभायात्रा को जीवंत बना दिया। सूर्यास्त के साथ ही राम की पैड़ी पर उत्सव का उल्लास चरम पर पहुंचने लगा। शुभ मुहूर्त में पहला दीप प्रज्वलित होते ही उद्घोषक ने 33 हजार स्वयंसेवकों को अपने-अपने घाटों पर दीपों को प्रज्वलित करने लगे।
राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और विस्तारित पैड़ी सहित सभी 56 घाट दीपशिखाओं से आलोकित हो उठे। सरयू तट पर भव्य आरती का आयोजन हुआ। 2147 अर्चकों ने कतारबद्ध होकर दीपों की रोशनी के बीच पुण्य सलिला की आरती उतारी। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दिव्य आयोजन के साक्षी बनकर सरयू की आराधना की।
दीपोत्सव के व्यापक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करीब एक हजार कलाकारों ने हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय रामलीला के मंच पर भारत सहित विभिन्न देशों की रामकथा परंपराओं की झलक देखने को मिली। श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड और इंडोनेशिया के बाली से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के वैश्विक सांस्कृतिक प्रभाव को प्रदर्शित किया। वहीं, असम, केरल, बंगाल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों की रामलीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विविधता प्रदान की।
30,07,518 दीप: एक साथ जलाए गए दीयों की यह संख्या स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार दर्ज की गई।
- 56 घाट रोशन: सरयू नदी के किनारे दीपों से अद्भुत नजारा बना।
- 35 हजार से अधिक स्वयंसेवक: दीये सजाने और जलाने में लोगों ने भाग लिया।
- 2,100 ड्रोन शो: आसमान में रामायण के प्रसंग दिखाए गए।
- विशिष्ट अतिथि: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुए।






