भारत ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीत लिया है. 183 रनों को डिफेंड करते हुए श्री चरणी ने 4 और दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लिए. ये भारत का 8वां खिताब है.
भारत ने महिला एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने फाइनल में श्रीलंक को 72 रनों के बड़े अंतर से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 183 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की थी. 183 रनों को डिफेंड करते हुए श्री चरणी ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लिए.
183 रनों को डिफेंड करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी हुई थी, क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में इमेशा दुलानी (4) को आउट किया था. हालांकि इसके बाद चमारी अट्टापट्टू और विश्मी गुनारत्ने ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय (58) साझेदारी कर पारी को संभाला, तब लग रहा था कि ये मुकाबला टक्कर का हो सकता है, लेकिन वो रनों की गति को नहीं बढ़ा सके और इस जोड़ी के टूटने के बाद श्रीलंका की पारी बिखर गई. अट्टापट्टू ने 32 गेंदों में 2 छक्के और 4 चौकों की मदद से 36 रन बनाए. विश्मी ने 20 रन बनाए. दोनों को दीप्ति शर्मा ने आउट किया.
श्री चरणी ने चटकाए 4 विकेट
इसके बाद चरणी ने गेंदबाजी से कहर बरपाया, जिन्होंने 14वें ओवर में हर्षिता माधवी (9) को आउट किया. इसके बाद उन्होंने 16वें ओवर में कविषा दिलहरी (7) और नीलाक्षी डी सिल्वा (22) को आउट कर भारत की जीत कंफर्म कर दी थी. सुगंदिका कुमारी के रूप में उन्होंने अपना चौथा विकेट लिया. आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर दीप्ति ने कौशानी नुथ्यंगना को आउट कर श्रीलंका को ऑल आउट किया. भारत ने महिला एशिया कप 2026 का फाइनल 72 रनों से जीत लिया.
2004, 2005, 2006, 2008, 2012, 2016, 2022 और 2026.
स्मृति-शेफाली ने दिलाई थी शानदार शुरुआत
भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई थी, दोनों ने पॉवरप्ले में कोई विकेट नहीं गंवाया और बाद में अपना-अपना अर्धशतक जड़ा. दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े, मंधाना ने 39 गेंदों में 59 और शेफाली ने 39 गेंदों में 68 रन बनाए. अंत में रनों की गति कम जरूर हुई, लेकिन भारत ने फिर भी 183 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया था.






