दीपावली पर अवैध पटाखा भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई, DM निधि गुप्ता वत्स ने दिए कड़े निर्देश
फतेहपुर समाचार मीडिया रिपोर्ट
फतेहपुर – आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया है। DM ने अवैध पटाखा भंडारण पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने आम जनमानस और सभी आतिशबाजी लाइसेंस धारकों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
DM के मुख्य निर्देश –
1. बिना लाइसेंस भंडारण पर रोक: कोई भी व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के पटाखों और आतिशबाजी सामग्री का भंडारण, खरीद-फरोख्त या वितरण नहीं करेगा।
2. लाइसेंस धारकों को चेतावनी: लाइसेंस धारक भी अपने लाइसेंस में निर्धारित मात्रा और शर्तों के अनुसार ही भंडारण करें। निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे रखना गंभीर अपराध माना जाएगा।
3. निरीक्षण के आदेश: DM ने अग्निशमन विभाग और संबंधित SDM, CO को आदेश दिया है कि जिले के सभी पटाखा गोदामों, दुकानों और भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण करें। अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।
DM ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करना दंडनीय अपराध है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत FIR और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील –
जिलाधिकारी ने लोगों से दीपावली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि कहीं भी अवैध भंडारण या निर्धारित मात्रा से अधिक आतिशबाजी की सूचना मिले तो तुरंत जिला प्रशासन या पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
