जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छत्रू क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना के विशेष रूप से प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड के सदस्य ‘टायसन’ ने बहादुरी का परिचय दिया। जर्मन शेफर्ड नस्ल का टायसन सेना की 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) यूनिट के साथ तैनात है। दुर्गम पहाड़ी इलाके में चट्टानों के बीच बने आतंकी ठिकाने का पता लगाने में उसकी अहम भूमिका रही। टायसन संकरे और जोखिम भरे स्थान में घुसा, जिससे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से उसका पैर घायल हो गया, लेकिन इसके बावजूद वह आगे बढ़ता रहा। उसकी सटीक लोकेशन इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने ठिकाने को घेरकर कार्रवाई की और तीनों आतंकियों को मार गिराया। घायल टायसन को तुरंत एयरलिफ्ट कर चिकित्सा उपचार के लिए भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version