संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (20 जुलाई) को कहा कि यह सत्र ऐतिहासिक होने वाला है. पीएम ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं. अहम बात यह भी है कि केंद्र सरकार मानसून सत्र के दौरान कई अहम बिल पेश करने वाली है. इसमें वंदे मातरम से जुड़ा बिल भी शामिल है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मानसून हो या और मानसून सत्र, अगर दोनों ही प्रो एक्टिव हो, तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं और दोनों प्रोडक्टिव होते हैं, तो देश का कल्याण होता है, जीव मात्र का कल्याण होता है, इसलिए हम यही प्रार्थना करते हैं कि मानसून भी प्रो एक्टिव रहे और मानसून सत्र भी प्रोडक्टिव रहे.’

उन्होंने कहा, ‘पिछले 1 महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं. देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है. चाहे राष्ट्रीय हो, अंतरराष्ट्रीय हो और अब तो अंतरिक्ष भी हो, एक प्रकार से भारत के लिए गर्व के पल रहे हैं.’

पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछ्ले वर्ष मानसून सत्र से ठीक पहले भारतीय नागरिक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर पहुंचा था और परसों ही भारत के एक युवा स्टार्टअप ने बहुत बड़ी सिद्धि प्राप्त की है. ये संयोग नहीं, बल्कि एक संदेश है. और बड़ा मजबूत संदेश है कि हमारे देश के युवाओं की क्षमता और उनकी आकांक्षा अंतरिक्ष जितनी असीम हैं.’

उन्होंने कहा, ‘रीफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार होकर आज देश चल पड़ा है. उसी का नतीजा है कि भारत के नौजवान इतना बड़ा साहस कर पाते हैं और सफल भी हो रहे हैं.’

ऑयल रिफाइनरी देश को समर्पित – प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘पिछले दिनों राजस्थान में बहुत बड़ी ऑयल रिफाइनरी देश को समर्पित की गई. कुछ सप्ताह पहले देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट देश को समर्पित किया गया. अभी कुछ दिन पहले ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन देश को समर्पित की गई है. विश्व के बहुत कम देश ऐसे हैं, जिसके पास ये सुविधा है, लेकिन भारत ने जो हाइड्रोजन ट्रेन देशवासियों को समर्पित की है, वो सबसे ताकतवर इंजन वाली और सबसे लंबी है.’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version