फतेहपुर – खागा कस्बे में जाम और दुर्घटना की समस्या को लेकर प्रशासन ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। उपजिलाधिकारी खागा और क्षेत्राधिकारी खागा की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर भारी वाहनों के लिए नया रूट डायवर्जन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
क्या है नया आदेश? (पत्रांक 2190 / SDM-SDM / 2026 दिनांक 21 नवम्बर 2026)
पीस कमेटी की बैठक में व्यापार मंडल, पत्रकार संघ और संभ्रांत नागरिकों से वार्ता के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है।
1. भारी वाहनों पर No Entry:
सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक बड़ी गाड़ी / डम्फर लोड एवं अनलोड खागा कस्बा में प्रतिबंधित रहेगा।
2. नया रूट तय:
पनिहा बाबा एवं किशनपुर विजयीपुर से आने वाले सभी भारी वाहन अब थाना खखरेरू होते हुए धाता की ओर जाएंगे। खागा पूर्वी एवं पश्चिमी बाईपास से कोई भी भारी वाहन खागा कस्बा के अंदर प्रवेश नहीं करेगा।
3. ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर बड़ी छूट:
कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली को कस्बे में प्रवेश मिलेगा, लेकिन मोरम, मिट्टी जैसे व्यवसायिक कार्य के लिए प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
4. प्राइवेट बस स्टैंड खत्म:
खागा कस्बे के अंदर अब कोई भी प्राइवेट बस स्टैंड नहीं रहेगा। सभी सवारी बसें किशनपुर रोड पर स्टेशन पुल के पार लंबरदार मार्केट के बाहर से भरेंगी।
5. सरकारी बसें अपने रूट पर:
पुराना बस स्टैंड बंद हो चुका है, इसलिए सरकारी बसें वहां नहीं रुकेंगी और अपने निर्धारित रूट पर ही चलेंगी।
प्रशासन ने साफ कहा है कि खागा मार्केट के अंदर कोई बाईपास नहीं होने से हमेशा जाम लगा रहता है। स्कूल वाहन और पैदल व साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है, इसलिए जनहित में यह डायवर्जन अति आवश्यक है।
