महाराष्ट्र में त्योहारों के मौसम के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है।
इस विशेष अभियान में करीब 9.01 करोड़ रुपये का खाद्य सामान जब्त किया गया है। इसके अलावा 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
FDA की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने राज्य के 7 क्षेत्रों में कुल 114 प्रतिष्ठानों की जांच की।
इस अभियान में लगभग 3.53 लाख किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत 9.01 करोड़ रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान खाद्य तेल, घी, चावल, दाल और अन्य खाद्य पदार्थों से जुड़े मामले सामने आए।
छत्रपति संभाजीनगर में M/S दिव्या महावितरक नाम के डिस्ट्रिब्यूटर के यहां से पतंजलि घी सीज किया गया है। आरोप है स्टोर पर घी को लेकर गलत ब्रैंडिंग और मिलावट की जाती थी। यानी किसी और मिलावटी घी को पतंजलि के नाम से बेचा जाता था। विभाग ने बताया कि यह स्टोर फूड सेफ्टी ऐंड स्टैंडर्ड्स ऐक्ट 2006 के नियमों का पालन नहीं कर रहा था।
एफडी ने कहा कि मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर में कम से कम 19 स्टोर पर ताला लगाया गया है। इनमें स्वीटमीट ऐंड स्पाइसी की कंपनी भी शामिल है। खाने के सामान में हाइजीन से समझौता करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि नमकीन बनाने वाली फैक्ट्री में बहुत गंदगी थी और खाने के सामान को गलत तरीके से स्टोर किया जाता था। FDA ने बताया कि भिवंडी में एक सुपरमार्ट से 1 लाख 44 हजार किलो खाने का तेल सीज किया गया है। इसके अलावा ठाणे में मिलावटी दालें, अनाज जब्त किया गया।
- महाराष्ट्र में FDA की यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है। करीब 9 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त हुए हैं और 16 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, जब्त किए गए सभी खाद्य पदार्थों को मिलावटी नहीं बताया गया है; कुछ मामलों में कार्रवाई स्वच्छता और नियमों के उल्लंघन पर भी हुई है।
