दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए रेलवे बोर्ड ने एक अहम और सख्त फैसला लिया है. यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने के उद्देश्य से ट्रेनों में रात 11:00 बजे से लेकर सुबह 05:00 बजे तक मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे सहित देश के सभी जोनल रेलवे को इस निर्देश का शत-प्रतिशत और कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है.

ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल, लैपटॉप चार्जिंग पर रेलवे ने लगाया पूर्ण प्रतिबंध. पावर बैंक फटने की घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लिया गया सख्त निर्णय.

रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (बिजली इंजीनियरिंग) सौमित गुप्ता की ओर से जारी आदेश के अनुसार, हाल ही में दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) में एक गंभीर सुरक्षा चूक सामने आई थी. ट्रेन के ऑन-बोर्ड स्टाफ ने तय समयानुसार रात में चार्जिंग प्वाइंट्स की बिजली बंद नहीं की थी. इसी दौरान एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग पर लगे रहने के दौरान अचानक तेज धुएं के साथ फट गया, जिससे पूरे कोच में अफरा-तफरी मच गई. इस खतरनाक हादसे को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने 26 अक्टूबर को आधिकारिक आदेश जारी कर चार्जिंग नियमों को पुनः सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया.

रेलवे बोर्ड के स्पष्ट निर्देश के अनुसार, कोच में तैनात ऑन-बोर्ड स्टाफ और अनुरक्षण कर्मियों की यह सीधी जिम्मेदारी होगी कि वे ठीक रात 11 बजे चार्जिंग स्विच बंद करें और सुबह 5 बजे ही चालू करें. नियमों की अनदेखी रोकने के लिए रेलवे अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की टीमें ट्रेनों में औचक निरीक्षण (सरप्राइज इंस्पेक्शन) करेंगी. ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले रेलकर्मियों पर कार्रवाई होगी, साथ ही कर्मचारियों को इसके लिए विशेष काउंसलिंग और मुस्तैदी का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा.

साल 2014 में बेंगलुरु-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस में आग लगने की दुर्घटना के बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त की सिफारिश पर 19 जून 2014 को यह पाबंदी पहली बार लगाई गई थी। इसके बाद मार्च 2021 में भी सुरक्षा कारणों से इसे कड़ाई से लागू किया गया था। रेलवे ने सभी यात्रियों को सलाह दी है कि यदि वे लंबी दूरी या रात भर का सफर कर रहे हैं, तो ट्रेन में चढ़ने से पहले ही अपने मोबाइल और जरूरी गैजेट्स चार्ज कर लें, क्योंकि रात 11 से सुबह 5 बजे के बीच चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version