दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली विवादों में आ गई। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली में जाते समय ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के नारे लगाए।
नारेबाजी की निंदा करते हुए बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, एक बार फिर कांग्रेस का चरित्र सामने आ गया है। वे मोदी जी की मौत की कामना कर रहे हैं। उनकी मुस्लिम लीग और माओवादी सोच सबके सामने आ गई।
मोदी की कब्र खोदने की बात करने वाली पार्टी खुद दफन हो जाएगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का भी वही हाल होगा जो औरंगजेब के समय मुगलों का हुआ था।
भाजपा सांसद बोले- राहुल औंरगजेब की तरह परिवार की छठी पीढ़ी राज्यसभा सांसद ने कहा, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य शायद वैसा ही होने वाला है जैसा ‘द लास्ट मुगल’ किताब में मुगल साम्राज्य के बारे में लिखा गया है। मुगल साम्राज्य में छह लोगों ने शासन किया – बाबर, हुमायूं, अकबर, जहांगीर, शाहजहां और औरंगजेब। छठी पीढ़ी के शासन के बाद मुगल साम्राज्य खत्म हो गया।
इसी तरह कांग्रेस पर भी नेहरू परिवार के छह लोगों ने शासन किया है- मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी। राहुल गांधी छठे हैं जो अभी सत्ता का आनंद ले रहे हैं। इनके बाद कांग्रेस का भी मुगलों जैसा हश्र होगा।
आपत्तिजनक नारे लगाने वाली जयपुर की कांग्रेस नेता पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने वाली कांग्रेस नेता मंजू लता मीणा हैं। वे जयपुर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ वोट चोरी को लेकर जनता के गुस्से को दिखा रही थीं। वोट में धांधली को लेकर जनता में बहुत गुस्सा है। उन्होंने (BJP) वोट में धांधली करके ये सरकारें बनाई हैं और चुनाव आयोग भी उनके निर्देशों के अनुसार काम कर रहा है।
राहुल गांधी लगातार भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। अब तक 3 प्रेस कॉन्फ्रेंस (7 अगस्त, 18 सितंबर और 4 नवंबर को) भी कर चुके हैं। उन्होंने आयोग को मोदी सरकार की “B टीम” भी कहा था। 9 दिसंबर को SIR पर चर्चा के दौरान भी उन्होंने भाजपा को घेरा था।
इस रैली में राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हिस्सा लिया और रैली को संबोधित किया था।
