आज 20 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 20 अप्रैल (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स…
आज की ताजा खबर, 20 अप्रैल 2025 : जम्मू कश्मीर के रामबन में भारी बारिश के कारण आई बाढ़, मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के नौ सदस्य गिरफ्तार
आज 20 अप्रैल 2025 देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: जम्मू कश्मीर में रामबन जिले के एक गांव में रविवार को भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई जिसके बाद 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन स्थानों पर भूस्खलन और मिट्टी धंसने की घटनाएं हुईं जिनके कारण यातायात को रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि धर्म कुंड गांव में अचानक आई बाढ़ के कारण करीब 40 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मणिपुर के इंफाल घाटी के कई जिलों से पिछले 48 घंटों में कई प्रतिबंधित संगठनों के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पाम्बेई) के दो कार्यकर्ताओं को शनिवार को इंफाल पूर्व जिले के नोंगदम गांव के पास नापेटपल्ली एंड्रो रोड से गिरफ्तार किया गया। भाजपा ने शनिवार को अपने सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा द्वारा उच्चतम न्यायालय और भारत के प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना पर की गई तीखी टिप्पणियों से खुद को अलग कर लिया। पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इन टिप्पणियों को सांसदों के निजी विचार बताकर खारिज कर दिया। नड्डा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा का उसके सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा की न्यायपालिका और प्रधान न्यायाधीश पर की गई टिप्पणियों से कोई लेना-देना नहीं है। ये उनकी निजी टिप्पणियां हैं, लेकिन भाजपा न तो उनसे सहमत है और न ही ऐसी टिप्पणियों का कभी समर्थन करती है। भाजपा इन्हें पूरी तरह से खारिज करती है। हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवक ने कथित तौर पर सात साल की बच्ची के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्यामवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने बताया कि आज आरोपी युवक भूपेंद्र को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स.