फगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. वह इस फॉर्मेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में तादिवानाशे मरुमानी को आउट करते ही राशिद ने यह खास उपलब्धि अपने नाम कर ली.
यह मुकाम अपने 120वें टी20 इंटरनेशनल मैच में हासिल किया. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने विकेटों के मामले में दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के आदिल राशिद से अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है. आदिल के नाम 153 मैचों में 171 विकेट दर्ज हैं.
राशिद खान ने अक्टूबर 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था. सितंबर 2025 में वह पुरुष टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे. तब उन्होंने न्यूजीलैंड के टिम साउदी को पीछे छोड़ा था. अब 200 विकेट का आंकड़ा छूकर उन्होंने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है.
मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन बनाए. आजमतुल्लाह उमरजई ने 116 रन की शानदार पारी खेली, जबकि इजाज अहमदजई ने 52 रन बनाए. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी हुई. यह पुरुष टी20 इंटरनेशनल में छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल और शेरफेन रदरफोर्ड के नाम था, जिन्होंने 139 रन जोड़े थे.
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम एक समय 84 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी. हालांकि कप्तान सिकंदर रजा और तफाजवा त्सिगा ने छठे विकेट के लिए 120 रन जोड़कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की. लेकिन उनकी साझेदारी टीम को जीत नहीं दिला सकी. जिम्बाब्वे लक्ष्य से 19 रन पीछे रह गया और अफगानिस्तान ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.
