CJP Supporter and Ashutosh Ranka Live: जयपुर में एक स्कूल में जाने को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के बीच जमकर विवाद हो गया है। इस विवाद में CJP के को कन्वीनर आशुतोष रांका समेत कई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई है। आरोप हैं उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और उन पर पत्थरबाजी की गई।
आशुतोष रांका ने आरोप लगाए हैं कि यह काम बीजेपी के कार्यकर्ताओं का है। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि वह जबरन स्कूल में घुस रहे थे, इसी वजह से बवाल हुआ। पूरे मामले पर अब सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई हैं।
जयपुर(राजस्थान): बगरू इलाके के कंवरपुरा गांव में कथित तौर पर CJP कार्यकर्ताओं पर हुए हमले पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा, “मुझे कुछ लोगों ने बताया है कि वहां के लोगों ने विद्यालय की सुरक्षा की है। विद्यालय में हमारे बच्चे पढ़ते हैं उन्हें अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए। राजस्थान सरकार गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए प्रयास कर रही है। विद्यालय में जाकर वैवधान पैदा करना ठीक नहीं है। गांव के लोगों ने अपने विद्यालय की सुरक्षा की है, मैं उनको बधाई देता हूं…हमने इतना कहा है कि हमारे विद्यालय सुरक्षित रहने चाहिए। निजता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। अगर किसी को विद्यालय जाना है तो संस्थान प्रधान से अनुमति लें।”
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को 48 घंटे का अल्टीमेटम
जयपुर के बगरू में स्कूल का दौरा करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं से हुई मारपीट के बाद राजनीति गर्मा गई है। सीजेपी के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को 48 घंटे में हमलावरों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है।
‘भाजपा के गुंडों’ ने मेरी शर्ट फाड़ी’
आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि ‘भाजपा के गुंडों’ ने उनकी शर्ट फाड़ी, वॉलेंटियर का हाथ तोड़ा और महिलाओं के साथ बदतमीजी की।
CJP कार्यकर्ताओं को जयपुर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
जयपुर के समीप बगरू के रामपुरा कंवरपुरा में शुक्रवार को जर्जर प्राथमिक स्कूल का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं पर पथराव किया और रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर घेराबंदी की।
